डी.बी.एस. कॉलेज, कानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं श्री रामलला आरोग्य धाम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन डॉ. नागेंद्र स्वरूप स्मृति के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा तथा एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री रामलला आरोग्य धाम ट्रस्ट की संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. उमेश पालिवाल एवं निदेशक डॉ. सी. पी. सिंह तथा कोषाध्यक्ष राधेश्याम ने सहभागिता की। स्वास्थ्य शिविर में ट्रस्ट की ओर से विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा छात्र-छात्राओं एवं अन्य उपस्थित लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें जनरल फिजिशियन, बाल रोग, त्वचा रोग, आँख, नाक, कान एवं गला (ENT) सहित विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श प्रदान किया गया। आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर जीवन और समाज के विकास का आधार है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं तथा कॉलेज के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर उचित चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में ट्रस्ट के विभिन्न पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों सहित महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।





