अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

दिनांक 21.06.2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एनएसएस इकाई डी.बी.एस. कॉलेज , कानपुर द्वारा कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रांगण में किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अनिल कुमार मिश्रा तथा संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव सिंह द्वारा किया गया । सबसे पहले मुख्य अतिथि और प्राचार्य महोदय द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इसके पश्चात योग प्रशिक्षक द्वारा योग का महत्व समझाया गया और बताया गया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने बताया कि योग से न केवल हमारा शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी शांत रहता है और जीवन में संतुलन बना रहता है। इसके बाद सामूहिक योग अभ्यास सत्र शुरू हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों , स्वयंसेवकों ने योग प्रशिक्षक दीपक कुमार त्रिपाठी जी के निर्देशों का पालन करते हुए विभिन्न योगासन किए। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम आदि प्रमुख रहे। योगाभ्यास के दौरान सभी ने अनुशासन और एकाग्रता के साथ हिस्सा लिया। वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का अनुभव हो रहा था। राज्यपाल महोदया के आदेशानुसार निश्चित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा सूर्य नमस्कार योग मुद्रा आसन किया गया और अंत में शवासन करने के पश्चात कार्यक्रम के समापन की घोषणा कर दी गई । योग कार्यक्रम समापन के पश्चात स्वयंसेवकों व सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया । योग कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के अतिरिक्त महाविद्यालय के अन्य छात्र – छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया । कार्यक्रम में एन एस एस कमेटी के सदस्य डॉ. जगदीप दिवाकर, श्याम नारायण मिश्रा , डॉ. रंजीत यादव व शिवनारायण सिंह भी उपस्थित रहे ।

Scroll to Top