उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत डीबीएस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा दिनांक 19/09/2026 को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों एवं युवाओं में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में इतिहास विभाग के डॉ. एस. एन. श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सौम्यदीप भट्टाचार्य रहीं। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की NSS/नशा मुक्ति समिति से संबंधित डॉ. कौशलेंद्र तिवारी, डॉ. सीमा निगम तथा डॉ. प्रत्युष वत्सला भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा उसके दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. सौम्यदीप भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. एस. एन. श्रीवास्तव ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक प्रतीक कुशवाहा एवं ऋषभ भारद्वाज ने कुशलतापूर्वक एंकरिंग का कार्य किया। स्वयंसेवक अमित मौर्या एवं काजल मौर्या ने नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार एवं भाषण प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्यों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में NSS के स्वयंसेवकों अभिषेक, सूरज, वंश, राहुल, अनुराग, मानसी, शुभ यादव, कृष्णम, अजीत गुप्ता सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी उपस्थित स्वयंसेवकों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि नशे से दूरी ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज की आधारशिला है। इस प्रकार कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित किया I




