डीबीएस कॉलेज (DBS College) के अर्थशास्त्र विभाग (Department of Economics) की एम.ए. अंतिम वर्ष की मेधावी छात्रा विरूपाक्षी पांडे (अनुक्रमांक: 2608163) ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS II) परीक्षा, 2025में ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित परिणामों में विरूपाक्षी का चयन *ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA – Women) के लिए हुआ है।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी अंतिम चयन सूची में विरूपाक्षी ने यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की। देश की कठिनतम परीक्षाओं में शुमार सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त करना उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा, अटूट लगन और कठिन परिश्रम का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
विरूपाक्षी की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर डीबीएस कॉलेज, विशेषकर अर्थशास्त्र विभाग एवं समस्त शिक्षकगण अत्यंत गौरवान्वित हैं। कॉलेज प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वर्णिम भविष्य तथा देश सेवा के इस गौरवमयी पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
देश की रक्षा सेवा में अधिकारी के रूप में चयन होना न केवल व्यक्तिगत एवं पारिवारिक गर्व का विषय है, बल्कि यह महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी राष्ट्र सेवा और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने की एक बड़ी प्रेरणा साबित होगा।




