अंतर्महाविद्यालय रोवर/रेंजर समागम 2025-26 New

डी. बी. एस. कॉलेज,कानपुर के प्रांगण में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के सौजन्य से 27 मार्च से 29 मार्च, 2026 तक आयोजित त्रिदिवसीय अंतर-महाविद्यालय रोवर-रेंजर्स समागम का सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ|  इस भव्य आयोजन में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध और उत्तर प्रदेश के अन्य महाविद्यालयों ( पी. पी. एन. कॉलेज, आर्मापुर पी. जी. कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय इटावा और भारतीय विद्यालय फर्रुखाबाद) की टीमों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने अदम्य उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। समागम का शुभारंभ दयानंद शिक्षा संस्थान के सचिव इंजी.गौरवेन्द्र स्वरूप की शुभकामनाओं के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि, स्टेट कमिश्नर श्री राजेश कुमार मिश्रा ने रोवर-रेंजर्स के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। पहले दिन की शुरुआत मार्च पास्ट, कलर पार्टी, गणवेश परीक्षण और ध्वजारोहण से हुई। इसके अलावा निबंध, पोस्टर व नाट्य प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने बाढ़ और भूकंप जैसी आपातकालीन स्थितियों में रोवर-रेंजर्स की भूमिका समझाई। विशिष्ट अतिथि आर्मापुर पी. जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार सिंह और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहायक प्रादेशिक आयुक्त श्री आर. सी. शर्मा ने युवाओं को ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और लार्ड बेडन पॉवेल के सेवा-आदर्शों से अवगत कराया।

दूसरे दिन की शुरुआत चीफ प्रॉक्टर डॉ. दीपक त्रिपाठी द्वारा ध्वजारोहण से हुई। प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि, गोविंदनगर विधायक श्री सुरेंद्र मैथानी ने छात्रों को अनुशासन और कड़ी मेहनत का पाठ पढ़ाते हुए इसे सफल नागरिक की पहचान बताया। सांध्यकालीन सत्र में सीएसजेएमयू के रजिस्ट्रार श्री राकेश कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने और टीम वर्क के गुर सिखाए। इस दिन प्रतिभागियों ने गाँठ बांधना, प्राथमिक चिकित्सा, पुल निर्माण, कैंप फायर और क्विज जैसी महत्वपूर्ण कौशल आधारित प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया। शाम का समापन सभी 9 टीमों द्वारा प्रस्तुत किए गए आकर्षक रोल प्ले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

समागम कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन रचनात्मकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रतिभागियों ने हस्तकला प्रदर्शनी, आकर्षक झांकी और तम्बू निर्माण प्रतियोगिताओं में अपनी टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मंच पर प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा, पूर्व प्रॉक्टर प्रो. शैलेंद्र कुमार शुक्ला, प्रो. सी. एम. सक्सेना, पुस्तकालयाध्यक्ष श्री आलोक श्रीवास्तव, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा और जिला संगठन आयुक्त श्री प्रदीप त्यागी मंचासीन रहे। अतिथियों के प्रेरणादायक उद्बोधन के पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता रोवर-रेंजर्स को स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन व संचालन में रोवर्स-रेंजर्स प्रभारी श्री प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. अनिता सिंह व मंच संचालक डॉ. अनीता निगम व डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में प्रो. शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस भव्य आयोजन में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top