राष्ट्रीय युवा दिवस

दिनांक 12/01/2026 को युवा दिवस के अवसर पर डीबीएस महाविद्यालय कानपुर परिसर में एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) इकाई द्वारा एक प्रेरणादायक एवं अनुशासित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस वॉलिंटियर्स, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि अनुशासन, चरित्र और सेवा भाव के माध्यम से ही युवा समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने एनसीसी जैसे संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को नेतृत्व और सेवा का व्यावहारिक प्रशिक्षण देता है।

कार्यक्रम का सशक्त एवं प्रभावशाली मंच संचालन बीएड विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील उपाध्याय द्वारा किया गया। उनके सुव्यवस्थित संचालन ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों और वक्तव्यों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया तथा कार्यक्रम की थीम को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने स्वामी विवेकानंद तथा उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस से एकाग्रता की शिक्षा लेने की सलाह दी I उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, लक्ष्य-निर्धारण और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज का युवा यदि सही दिशा में प्रयास करे तो देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स दिव्यांश त्रिवेदी , श्वेता द्वारा भी युवा दिवस पर अपने विचार रखे गए I छात्रों ने अनुशासन पर आधारित प्रस्तुतियाँ, प्रेरक नारे और संकल्प पाठ का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। समापन अवसर पर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे।

 

Scroll to Top